अंबिकापुर: मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का काला कारोबार ,7 लाख के सामान के साथ संचालक गिरफ्तार..

अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में गांधीनगर पुलिस टीम ने सिद्धि विनायक मेडिकल स्टोर के संचालक को गिरफ्तार किया है, जो अपनी दुकान की आड़ में नशीले इंजेक्शन और सिरप का अवैध धंधा संचालित कर रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 7 लाख रुपये का मशरुका जप्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फुन्दुरडिहारी स्थित सिद्धि विनायक मेडिकल स्टोर का संचालक संदीप कुमार चौहान अवैध नशीली दवाओं की बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने जब आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि वह एजेंसी से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप लाता था और उसे अपनी स्विफ्ट कार (CG 13 UG 9338) की डिक्की में छिपाकर रखता था। आरोपी ने पूर्व में भी नशीले पदार्थों के सेवन और व्यापार की बात स्वीकार की है।
गांधीनगर पुलिस ने जब आरोपी की निशानदेही पर मेडिकल स्टोर के पास खड़ी कार की तलाशी ली, तो डिक्की में रखे कार्टून से 95 नग ‘कॉफर-सी’ (कोडीन फास्फेट) सिरप बरामद हुए। इसके साथ ही मौके से भारी मात्रा में नशीली दवाओं के खाली रैपर और सीसी भी जप्त किए गए, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि आरोपी लंबे समय से इस गोरखधंधे में संलिप्त था।
पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार चौहान (उम्र 34 वर्ष) के खिलाफ थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 170/26, धारा 22 सी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जप्त किए गए सामान में 95 नग नशीली सिरप, खाली रैपर, नशीले इंजेक्शन की खाली वायल और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार शामिल है, जिसकी कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना गांधीनगर के उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह, आरक्षक राहुल सिंह, विकास सिंह, अमृत सिंह, रमन मण्डल और घनश्याम देवांगन ने सक्रिय भूमिका निभाई। सरगुजा पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।


