अम्बिकापुर

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उड़ान महिला समिति का भव्य आयोजन: मिसेज विनर श्रेणी में खुशबू,शिल्पा, रश्मि और मिस विनर श्रेणी में मानशी, स्नेहा और सोमी ने जीता खिताब, महिलाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

अंबिकापुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उड़ान महिला समिति द्वारा स्थानीय माखन विहार होटल में एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती शिल्पा राजेश अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर श्रीमती रसमीत कौर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जीवन ज्योति संस्थान की निदेशक श्रीमती संध्या सिंह, सिटी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. अलका सिंह, डॉ. शारदा भगत, डॉ. स्नेहा सिंह, श्रीमती प्रेमलता और मिसेज सरगुजा राखी सोनी सहित शहर की कई गणमान्य महिलाओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान संगीत, नृत्य, रैंप वॉक और मनोरंजक खेलों के माध्यम से महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे वातावरण उत्साह और आनंद से भर गया।

आयोजन के दौरान महिलाओं ने राष्ट्र निर्माण और समाज की दिशा तय करने में अपनी भूमिका पर सकारात्मक चर्चा की। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से ‘पंच परिवर्तन’ के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसके अंतर्गत सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने, परिवार में संस्कार और संवाद को मजबूत करने, पर्यावरण व जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने, नागरिक शिष्टाचार का पालन करने तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण के साथ राष्ट्र के उत्थान में योगदान देने का प्रण लिया गया। महिलाओं ने एक स्वर में स्वाभिमान और आत्मबल के साथ समाज को नई ऊर्जा देने की बात कही।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में मिसेज विनर श्रेणी में खुशबू गुप्ता ने प्रथम, शिल्पा सिंह ने द्वितीय और रश्मि श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं मिस विनर श्रेणी में मानशी चौरसिया प्रथम, स्नेहा सिंह द्वितीय और सोमी ताम्रकार तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ एक सशक्त और संस्कारित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

इस सफल आयोजन को उड़ान महिला समिति की अंजुला मिश्रा, कावेरी पाल, सवि चंद्रा, संध्या सिंह और गीता पैकरा के नेतृत्व में संपन्न किया गया। कार्यक्रम में दीक्षा एकेडमी, मंगलम ज्वेलर्स, हुंडाई शोरूम, गुरुनानक फर्नीचर, रेसिन आर्ट बाय मानसी, नॉलेज किंगडम और जीवन ज्योति हॉस्पिटल ने प्रायोजक के रूप में सहयोग प्रदान किया। फूलों का विशेष गुलदस्ता आराधना मांझी द्वारा तैयार किया गया था। बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को न केवल प्रेरणादायी बनाया बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक यादगार मिसाल भी पेश की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button