आबकारी आरक्षक परीक्षा: परीक्षार्थियों की कलावा काटने का बड़े पैमाने पर विरोध : सूरजपुर कलेक्टर ने जांच टीम बनाई
सूरजपुर : आबकारी आरक्षक परीक्षा के दौरान सूरजपुर जिले के परीक्षा केंद्र शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षार्थियों का कलावा काटने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 27 जुलाई, 2025 को व्यापम द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक की परीक्षा के दौरान यह घटना हुई।
शिकायतकर्ता अमन यादव और अन्य ने कलेक्टर को एक पत्र लिखकर बताया है कि हिंदू परीक्षार्थियों की कलावा काट दी गई और उसे जूतों में फेंक दिया गया। उन्होंने इसे सनातन धर्म और धार्मिक आस्था का अपमान बताया है। शिकायत में केंद्र अधीक्षक अन्नु दुबे, आरक्षक घनश्याम सिंह और रामेश्वर देवांगन पर हिंदू धर्म को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने इन अधिकारियों को तुरंत निलंबित करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर 72 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठन बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, कलेक्टर ने तत्काल एक संयुक्त जांच दल का गठन किया है। इस टीम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डिप्टी कलेक्टर (परीक्षा नोडल अधिकारी), कोतवाली थाना प्रभारी और शासकीय रेवती रमण मिश्र महाविद्यालय के प्राचार्य शामिल हैं। यह टीम पूरे मामले की जांच कर कलेक्टर को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है, और सभी की नजरें अब जांच के नतीजों और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।






