अंबिकापुर : घर में घुसकर तलवार से हमला कर हत्या का प्रयास, दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाल किया न्यायालय में पेश.. अन्य आरोपी फरार – देखें वीडियो

अंबिकापुर । शहर से लगे ग्राम तकिया में मंगलवार की रात हुए विवाद के बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर तोडफ़ोड़, गाली-गलौज करते हुए तलवार से हमला कर दिया। हमले में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस मामले में सूरज यादव आत्मज बृजनाथ यादव उम्र 24 वर्ष साकिन तकिया वाटर फ़िल्टर के पास रनपुर खुर्द के द्वारा थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि घटना दिनांक 9 जनवरी को प्रार्थी का चचेरा भाई पास के दुकान मे खड़ा था इसी बीच 02-03 युवको द्वारा प्रार्थी के चचेरे भाई के साथ लड़ाई झगड़ा एवं मारपीट किया गया, पड़ोस के लोगो के द्वारा बीच बचाव करने पर प्रार्थी का भाई वापस अपने घर आ गया था, देर शाम सतीश यादव एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा प्रार्थी के घर मे घुसकर प्रार्थी के बड़े पिताजी एवं भाई के साथ मारपीट एवं गाली गलौज की घटना कारित की गई हैं, कुछ देर बाद प्रार्थी जब दुकान के पास गया तो सतीश यादव अपने साथी चंदर यादव एवं अन्य के साथ मिलकर जान से मारने की नियत से तलवार से हमला किये थे, जो प्रार्थी किसी प्रकार घटनास्थल से भागकर एक घर मे छिप गया एवं परिवार के द्वारा बीच बचाव करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने आया हैं, प्रार्थी के रिपोर्ट पर थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 09/24 धारा 294, 506, 323, 147, 148, 452, 307 भा.द.वि. एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस तत्काल कोतवाली पुलिस टीम घटनास्थल रवाना हुई एवं आरोपियों की खोजबीन शुरू की गई। पुलिस टीम के त्वरित कार्यवाही से घटना मे शामिल दो आरोपियों को मौक़े से गिरफ्तार किया गया ।
आरोपियों से पूछताछ करने पर अपना नाम सतीश यादव आत्मज स्व.मदन यादव उम्र 33 वर्ष (02) चंदर यादव आत्मज स्व. मदन यादब उम्र 40 वर्ष दोनों साकिन तकिया थाना अम्बिकापुर का होना बताये, आरोपियों से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किये जाने पर अपराध घटित करना स्वीकार किया गया, जो आरोपियों के निशानदेही पर घटना मे प्रयुक्त तलवार जप्त किया गया हैं ।
आरोपियों का शहर में जुलूस निकालते हुए न्यायालय में पेश किया गया जहां आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा मे भेजा गया हैं।


