चोरी के शक में युवक को पेड़ से उल्टा लटका कर पीटने का वीडियो हुआ वायरल

बिलासपुर में चोरी के संदेह में एक युवक को पैर बांध पेड़ से उल्टा लटका कर बेरहमी से पिटाई का वीडियो बहुत ही तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में चार से पांच युवक उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक उनसे बार-बार माफी मांग रहा है और अपनी करतूतों की सजा देने के लिए जेल भेजने की बात कह रहा है। फिर भी युवक उसकी जमकर पिटाई कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पिटाई करने वाले तीन युवकों को पकड़ लिया है। पूछताछ में पता चला है कि युवक चोरी करते रंगे हाथों पकड़ाया था, जिसे पुलिस ने छोड़ दिया, इसलिए युवकों ने उसकी पिटाई कर दी है।
पीड़ित महावीर सूर्यवंशी रतनपुर क्षेत्र के गढ़वट का निवासी है। जो सीपत क्षेत्र के उच्चभट्ठी गांव में चौकीदार का काम करता था। सोमवार की सुबह वह मनीष खरे के घर के दरवाजे की कूंडी खोलकर घुस रहा था। तभी उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान चोरी के संदेह में पकड़कर उन्होंने पुलिस के डायल 112 को कॉल किया। फिर पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई। तब महावीर नशे में था। इस दौरान पुलिस ने उसे समझाइश देकर छोड़ दिया।
दोबारा घर में घुसा युवक और भाग निकला
यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस के छोड़ने के बाद महावीर दोबारा मनीष के घर में घुस गया था। इस दौरान परिजनों ने उसे देख लिया, तब वह भाग निकला। इसके बाद से मनीष व उसके दोस्त उसे खोज रहे थे। गुरुवार को वह गांव के बाहर फार्म हाउस में मिल गया। तब आरोपी मनीष खरे, युवराज खरे और जानू भार्गव व उसके अन्य साथी उसे पकड़कर ले आए और महावीर की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई की घटना का उन्होंने बकायदा वीडियो भी बनाया, जिसमें युवक की डंडे से पिटाई कर उसे पेड़ से उलटा लटका दिया गया और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। वीडियो में पिटाई खाने वाला युवक महावीर अपनी गलती के लिए माफी मांगता रहा, ग्रामीण युवक एक-दूसरे को उकसाकर उसकी पिटाई करते रहे। मार खाने के बाद युवक भाग निकला है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद प्रशिक्षु आईपीएस विकास कुमार व उनकी टीम ने युवकों की तलाश शुरू कर दी है। वीडियो से पहचान कर पुलिस ने फिलहाल तीन युवक मनीष खरे, युवराज खरे और जानू भार्गव को गिरफ्तार किया है। उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
डर से छोड़ दिया काम
इधर, इस घटना के बाद पुलिस ने महावीर की तलाश शुरू कर दी है। वह फार्म हाउस में नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि वह पिटाई के बाद गांव छोड़कर भाग निकला है। प्रशिक्षु आईपीएस विकास कुमार ने बताया कि युवक के अपने रिश्तेदार के यहां सेलर में रहने की जानकारी मिली है। शनिवार को पुलिस उसे लेकर आएगी और उसकी तरफ से केस दर्ज कर पकड़े गए युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




