एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: महिला प्राचार्य और लिपिक अपने ही स्कूल के बाबू से 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी स्कूल की महिला प्राचार्य और लिपिक को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में अंजाम दी गई, जहां आरोपियों ने अपने ही स्कूल के बाबू से एरियर राशि के भुगतान के एवज में अवैध वसूली की थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महिला प्राचार्य अंजुलता सोनी और लिपिक विकास मसीह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों ने स्कूल में पदस्थ बाबू मनीष राठौर का 80,000 रुपये का वेतन वृद्धि एरियर निकालने के लिए रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित कर्मचारी द्वारा इस बात की शिकायत एसीबी से की गई, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर टीम ने दोनों को रिश्वत की रकम के साथ धर दबोचा। एसीबी की इस सख्त कार्रवाई से स्थानीय शिक्षा विभाग और अन्य कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है।




