कोरबा

सावन का पहला सोमवार: हरदीबाजार के शिवालयों में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, शांतिनगर मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

हरदीबाजार: पवित्र सावन मास के पहले सोमवार के अवसर पर क्षेत्र के सभी शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।
इसी कड़ी में हरदीबाजार के शांतिनगर स्थित स्व. श्रीमती कंचन बाई राठौर की स्मृति में निर्मित शिव मंदिर में सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शिव भक्तों ने पूर्ण विधि-विधान और निष्ठा के साथ अपने आराध्य देव आदिदेव महादेव की पूजा-अर्चना की।

विधि-विधान से हुआ महादेव का अभिषेक

मंदिर पहुँचे भक्तों ने भगवान शिव को शुद्ध जल, गाय का दूध, दही, पंचमेवा, बेलपत्र, आक के फूल, धतूरे का फूल, कनेर, अपराजिता, मंदार, दूब और अक्षत (चावल) अर्पित किए। इसके साथ ही बाबा को मौसमी फल और मिष्ठान्न का भोग लगाया गया। मंदिर प्रांगण में सभी भक्तों ने मिलकर सामूहिक शिव आरती और स्तुति गायन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

बच्चों और महिलाओं में दिखा विशेष उत्साह

सावन के पहले सोमवार को लेकर महिलाओं, पुरुषों के साथ-साथ छोटे बच्चों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने भी कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जल अर्पित किया और शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान

मंदिर समिति के संयोजक राजाराम राठौर ने इस पावन अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सभी दर्शनार्थियों और भक्तों को सूखे प्रसाद का वितरण किया। इस धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में आध्यात्मिक और उल्लासपूर्ण माहौल बना रहा, जहाँ बड़ी संख्या में पहुँचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामना की प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button