CG IPS Transfer: सूरजपुर और कोरिया समेत 12 जिलों के एसपी बदले, PHQ में भी बड़ी सर्जरी
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिस विभाग में एक बड़ा फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार राज्य के कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है। वहीं, बालाजी राव को फील्ड से हटाकर पुलिस मुख्यालय (PHQ), नया रायपुर भेजा गया है। इसके साथ ही प्रशांत कुमार अग्रवाल को आईजी पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि प्रशांत कुमार ठाकुर, रामकृष्ण साहू, श्वेता राजमणी, राजेश कुकरेजा, भावना गुप्ता और रवि कुमार कुर्रे समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को नई प्रशासनिक जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज्य के 12 जिलों में नए पुलिस कप्तानों (SP) की तैनाती की गई है, जिसमें सूरजपुर और कोरिया समेत कई संवेदनशील जिले शामिल हैं। सरकार ने दंतेवाड़ा, कोरिया, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, बालोद, सूरजपुर, कबीरधाम, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और बेमेतरा जिलों के एसपी बदले हैं। नई नियुक्तियों के अनुसार, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, हरीश राठौर को कोरिया, चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, त्रिलोक बंसल को बेमेतरा, भावना पांडेय को धमतरी, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और मयंक गुर्जर को सुकमा का नया एसपी बनाया गया है।
जिलों के साथ-साथ राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं, जिसके तहत रॉबिन्सन गुरिया को रायपुर पुलिस की पश्चिम जोन का पुलिस उपायुक्त (DCP) नियुक्त किया गया है।







