सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा: 13 से 18 जुलाई तक चलेगा विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण सप्ताह, स्वास्थ्य विभाग की अपील: 9 से 15 वर्ष की बालिकाओं को जरूर लगवाएं टीका…

रायपुर। ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) और अन्य जननांग कैंसर से बचाता है। यह टीका 9 से 15 वर्ष की आयु के लोगों के लिए अनुशंसित है। इसे यौन गतिविधि शुरू होने से पहले लगवाना सबसे प्रभावी माना जाता है। खुराक की संख्या और समय-सीमा व्यक्ति की उम्र पर निर्भर करती है । 9 से 14 वर्ष के बच्चों को 6-12 महीने के अंतराल पर 2 खुराक दी जाती हैं। 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों को 6 महीने की अवधि में 3 खुराक की आवश्यकता होती है।
महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 13 से 18 जुलाई 2026 तक सुकमा जिले में विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी उपाय
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी संक्रमण आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस संक्रमण के खतरे को काफी हद तक कम करता है और भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव प्रदान करता है।
कम उम्र में टीका अधिक प्रभावी
विशेषज्ञों का कहना है कि 9 से 15 वर्ष की आयु में लगाया गया एचपीवी टीका अधिक प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। यह टीका न केवल सर्वाइकल कैंसर से बचाव करता है, बल्कि एचपीवी संक्रमण की संभावना भी कम करता है। इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता विश्व स्तर पर प्रमाणित है।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 9 से 15 वर्ष आयु की बेटियों को निर्धारित अवधि में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं। समय पर टीकाकरण भविष्य में गंभीर बीमारी, जटिल उपचार और अनावश्यक स्वास्थ्य खर्च से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जागरूकता से बनेगा स्वस्थ भविष्य
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर टीकाकरण और जन-जागरूकता के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है। इसलिए सभी पात्र बालिकाएं 13 से 18 जुलाई के बीच अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर एचपीवी टीकाकरण का लाभ अवश्य लें।




