धान खरीदी बहिष्कार के साथ शुरू होगा आंदोलन: सहकारी समिति कर्मचारी और ऑपरेटर संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

अंबिकापुर। आगामी धान खरीदी सीजन की शुरुआत से पहले ही छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। सरगुजा में सहकारी समिति कर्मचारी संघ और सहकारी समिति कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ ने संयुक्त रूप से चार सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
अंबिकापुर में आयोजित दोनों संगठनों की बैठक में यह तय किया गया कि अब कर्मचारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा बनाकर आंदोलन करेंगे। इस संयुक्त विरोध प्रदर्शन का पहला चरण धान खरीदी कार्य का बहिष्कार होगा।
संगठनों के पदाधिकारियों ने शासन पर वर्षों से मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए गहरा रोष व्यक्त किया है। उनकी प्रमुख माँगे कंप्यूटर ऑपरेटर का स्थाईकरण और आउटसोर्सिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना है।
कम्प्यूटर ऑपरेटरों का स्थायीकरण: सभी कम्प्यूटर ऑपरेटरों को विभागीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।
आउटसोर्सिंग पर पूर्ण प्रतिबंध: समितियों में हो रही आउटसोर्सिंग भर्ती को तत्काल और पूर्ण रूप से बंद किया जाए।
कर्मचारी संघों का कहना है कि सरकार की उदासीनता के चलते उन्हें यह कठोर कदम उठाना पड़ रहा है, जिससे धान खरीदी सहित अन्य सहकारी कार्य बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं।




