10 फीट गहरे गड्ढे की खुदाई से NH-130 की नाली धंसी, निर्माण कार्य पर उठे सवाल
साक्षरता मिनी स्टेडियम में दर्शक दीर्घा निर्माण के लिए सड़क किनारे खोदा गया गड्ढा बना खतरा, लगातार बारिश के बाद धंसी नाली

लखनपुर । अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 स्थित लखनपुर साक्षरता मिनी स्टेडियम में इन दिनों दर्शक दीर्घा के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के लिए नेशनल हाईवे की सड़क किनारे नाली के ठीक बगल में करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोद दिया गया है। लगातार हो रही बारिश के बीच गड्ढे में पानी भरने और मिट्टी कमजोर होने से नेशनल हाईवे की नाली का हिस्सा धंस गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे नाली के बेहद करीब इतनी गहरी खुदाई किए जाने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। बारिश के कारण मिट्टी लगातार खिसकने से नाली के धंसने की स्थिति निर्मित हुई है। इससे जहां निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं हाईवे से गुजरने वाले लोगों के लिए भी खतरा बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि साक्षरता मिनी स्टेडियम में दर्शक दीर्घा निर्माण के लिए की गई खुदाई और लगातार बारिश के कारण मिट्टी में कटाव हुआ, जिसका असर हाईवे की नाली पर पड़ा। यदि समय रहते गड्ढे की सुरक्षा और नाली की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के कारण आसपास का हिस्सा और धंसने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की जांच कराने तथा हाईवे की नाली को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही गहरे गड्ढे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





