अम्बिकापुर

अंबिकापुर: दवा लेने भाई के साथ गांधी चौक जा रही युवती से स्कूटी रोककर मिशन अस्पताल के पास छेड़छाड़ एवं मारपीट, 5 नाबालिगों समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर । सरगुजा पुलिस द्वारा युवती से छेड़छाड़ और उसके भाई के साथ मारपीट करने वाले मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल और थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट, पत्थर, डंडा और एक स्कूटी जब्त की है।
पीड़िता ने 11 जून 2026 को थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने भाई के साथ स्कूटी से गांधी चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान मिशन अस्पताल के पास पहुंचने पर अतुल ताम्रकार ने पीड़िता और उसके भाई का रास्ता रोक लिया और गलत नीयत से पीड़िता से छेड़छाड़ कर लज्जा भंग की।
मौके पर जब पीड़िता के भाई ने इस बात का विरोध किया और मना किया, तो अतुल ताम्रकार ने अपने साथी रोहित केडिया एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़िता के भाई को गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, बांस के डंडे, पत्थर एवं बेल्ट से मारपीट की।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 394/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 126(2), 74, 75(2) और 78 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस टीम को आरोपियों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में साइबर सेल और थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा मामले में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
सतत प्रयास से मामले में शामिल 5 विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 7 आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों बालिग आरोपियों ने अपना नाम
1.अतुल ताम्रकारआत्मज बिरजू ताम्रकार (उम्र 21 वर्ष), निवासी- केदारपुर, अंबिकापुर।
2. रोहित केडिया आत्मज बसंत केडिया (उम्र 22 वर्ष), निवासी- केदारपुर, अंबिकापुर।
घटना के संबंध में पूछताछ किए जाने पर सभी ने अपराध कारित करना स्वीकार किया है, जिसके बाद उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त किया गया।

अपराध सबूत पाए जाने से पुलिस ने 5 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष और शेष 2 बालिग आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, नितिन सिन्हा, दीपक दास तथा साइबर सेल से प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अनुज जायसवाल, अशोक यादव और अमन केरकेट्टा सक्रिय रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button