अंबिकापुर में विद्युत व्यवस्था सुधार को लेकर महापौर मंजूषा भगत ने ली समीक्षा बैठक
अंडरग्राउंड विद्युतीकरण, नए ट्रांसफार्मर, क्षतिग्रस्त पोल-केबल बदलने एवं नए विद्युत उपकेंद्र स्थापना को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

अम्बिकापुर: शहर की चरमराती बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने और आगामी जरूरतों को देखते हुए महापौर मंजूषा भगत ने आज विद्युत विभाग के आला अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली।बैठक में नवीन विद्युत पोल लगाने, क्षतिग्रस्त हटाने, क्षतिग्रस्त केबल बदलने, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और पोल शिफ्टिंग के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
गांधी चौक से महामाया चौक, सदर रोड व देवीगंज रोड में होने वाले अंडरग्राउंड विद्युतीकरण कार्य किया जाना है, जिसमें इन मार्गों से खंभा एवं ट्रांसफार्मर हटाए जाएंगे। मुख्यमंत्री विद्युतीकरण योजना अंतर्गत नई बसाहट वाली कॉलोनी/बस्ती में नए खंभों के साथ विद्युतीकरण कार्य, क्षतिग्रस्त एवं सड़कों में बाधक पोल को लगाने व हटाने के कार्य और क्षतिग्रस्त केबल को बदलने का कार्य (जिसके कारण स्ट्रीट लाइट लंबे समय से नहीं जल रहे हैं) उन्हें तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सड़क किनारे असुरक्षित ट्रांसफार्मर की सेफ्टी, शिफ्टिंग एवं अत्यधिक भार वाले मोहल्लों में नए ट्रांसफार्मर लगाने हेतु महापौर द्वारा निर्देश दिए गए।
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि मेंटेनेंस कार्य शीघ्र करें ताकि शहरवासियों को विद्युत कटौती से होने वाली परेशानी का सामना न करना पड़े। दो पानी फिल्टर प्लांट (तकिया एवं कतकालो) जो ग्रामीण क्षेत्र में आते हैं, उनमें किसी भी कारण से विद्युत कटौती होने पर शहर की पेयजल सप्लाई व्यवस्था ठप हो जाती है; इन क्षेत्रों में विद्युत कटौती न हो, इसकी व्यवस्था दुरुस्त करने की बात उन्होंने कही। अंडरग्राउंड विद्युतीकरण वाले मार्ग डामरीकरण हेतु स्वीकृत हैं, इसलिए नगर निगम की टीम से समन्वय बनाकर कार्य करने के लिए महापौर ने निर्देश दिया।
शहर के लगातार विस्तार को देखते हुए शहर में अतिरिक्त 33/11 के.वी. के विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने हेतु गंगापुर वार्ड, पुराना बस स्टैंड अंबिकापुर, गहीरागुरु वार्ड (मठपारा), महामाया पहाड़ (घूटरापारा) में भूमि उपलब्ध कराने हेतु शहरी कार्यपालक यंत्री ने महापौर से आग्रह किया। अजीरमा रेलवे स्टेशन (बीज भंडार के पास) भूमि उपलब्ध हो गई है, जहाँ विद्युत उपकेंद्र स्थापना कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा।
इस बैठक में विद्युत विभाग के प्रभारी सदस्य मनीष सिंह, जल विभाग के प्रभारी जितेन्द्र सोनी, आकाश गुप्ता, विकास गुप्ता, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (शहर) जयप्रकाश राजवाड़े, कार्यपालन अभियंता (ग्रामीण) आर. सूर्यवंशी, सहायक अभियंता एस.के. गुप्ता, सहायक अभियंता अग्नेश बंजारे, सहायक अभियंता कैलाश देवांगन, कनिष्ठ अभियंता संगम कुमार पटेल एवं नगर पालिक निगम के विद्युत व जल प्रभारी प्रशांत खुल्लर उपस्थित रहे।


