अम्बिकापुर

अपनी चोरी छिपाने के लिए कोल्ड स्टोरेज में आग लगाने वाला आरोपी मैनेजर गिरफ्तार, हिसाब देने से बचने के लिए रची थी साजिश

अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने अपनी चोरी की करतूत पर पर्दा डालने के लिए खुद के ही कार्यस्थल (कोल्ड स्टोरेज) को आग के हवाले कर दिया। आरोपी मैनेजर ने स्टोरेज से महुआ चोरी कर उसे बेच दिया था और जब मालिक ने स्टॉक का हिसाब मांगा, तो उसने सबूत मिटाने के लिए आगजनी की घटना को अंजाम दिया।

मैनेजर ने ही दिया मालिक को धोखा

प्रार्थी जयशंकर साहू उर्फ साकिन ने थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सांडबार स्थित उनके ‘श्याम कोल्ड स्टोर’ की पूरी जिम्मेदारी पिछले 3 वर्षों से मैनेजर टिकेश्वर यादव उर्फ बीर यादव संभाल रहा था। 10 नवंबर 2025 को जब मालिक ने स्टॉक के बारे में पूछा, तो टिकेश्वर ने 356 बोरी महुआ मौजूद होने का दावा किया।

आंखों के सामने लगाई आग और हो गया फरार

घटना के दिन जब महुआ लोड करने के लिए मजदूर बुलाए गए, तब टिकेश्वर उन्हें अंदर लेकर गया। कुछ देर बाद मजदूरों ने देखा कि ऊपरी तल पर महुआ के डंप में आग लगी है। जब वे नीचे भागे, तो उन्होंने देखा कि टिकेश्वर खुद धान की बोरियों में आग लगा रहा था। मालिक द्वारा पूछे जाने पर उसने झूठ बोला कि वह फायर ब्रिगेड को बुलाने जा रहा है और अपनी कार (CG 07 CD 3407) लेकर रफूचक्कर हो गया।

60 हजार का नुकसान, 354 बोरी महुआ गायब

आग बुझाने के बाद जब जांच की गई, तो पता चला कि वहां केवल 2 बोरी महुआ जला था, बाकी 354 बोरियां गायब थीं। पुलिस जांच में साफ हुआ कि टिकेश्वर ने हिसाब देने से बचने के लिए जानबूझकर आग लगाई थी ताकि वह मालिक को कह सके कि सारा माल जलकर राख हो गया।

रायगढ़ से दबोचा गया आरोपी

मणीपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी की। सूचना मिली कि आरोपी अपने घर सिन्धुमार्ग सिसिरिंगा (रायगढ़) में छिपा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर टिकेश्वर यादव (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
जुर्म का इकबाल: पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने थोड़ा-थोड़ा करके सारा महुआ ग्रामीणों को बेच दिया था और उन पैसों को खर्च कर चुका था। पकड़े जाने के डर से उसने आगजनी की।

इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी. पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, शौकीलाल राज, आरक्षक सतेंद्र दुबे, उमाशंकर साहू, अनिल सिंह और रमाशंकर यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button