जशपुर

जिसे रखा गया था सुरक्षा के लिए , उसी से असुरक्षित थी आवासीय विद्यालय की छात्राएं

आवासीय विद्यालय के चौकीदार को नाबालिग छात्राओं के साथ अशोभनीय तरीके से छूने (बैड टच) और छेड़खानी करने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जिस व्यक्ति को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी, उसी के कृत्य से छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रही थीं। आरोपी चौकीदार पर लैंगिक अपराधों में बालकों का संरक्षण अधिनियम
POCSO Act) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जशपुर पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक आवासीय विद्यालय में छात्राओं के साथ छेड़खानी और यौन दुर्व्यवहार करने के आरोप में विद्यालय के चौकीदार निरंजन किस्पोट्टा (उम्र 35 वर्ष) को गिरफ्तार किया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है

यह मामला तब सामने आया जब आवासीय विद्यालय की अध्ययनरत छात्राओं ने लिखित शिकायत देकर प्रधानपाठक को सूचित किया कि चौकीदार निरंजन किस्पोट्टा गलत नीयत से उनके निजी अंगों को छूकर ‘बैड टच’ करता है, जिससे वे लगातार असहज और असुरक्षित महसूस करती थीं। विद्यालय प्रबंधन द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों (सहायक आयुक्त आदिवासी विकास) को अवगत कराने के बाद, एक पाँच सदस्यीय विभागीय जांच टीम गठित की गई। इस टीम की जांच में छात्राओं के आरोप सही पाए गए।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य की शिकायत (दिनांक 18.11.2025) पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी चौकीदार निरंजन किस्पोट्टा के विरुद्ध POCSO Act की धारा 8 और 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। प्रयाप्त सबूतों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने बताया कि जशपुर पुलिस बच्चों और महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे गंभीर अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button