शनिवार को चुनाव आयोग करेगी लोकसभा चुनाव 2024 का ऐलान.. आदर्श आचार संहिता भी कल से होगा लागू

देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कल यानी शनिवार को कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा भी की जाएगी। चुनाव आयोग की ओर से बताया गया कि लोकसभा चुनाव और कुछ राज्य विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कल की जाएगी। चुनाव आयोग दोपहर 3 बजे प्रेस काॅन्फ्रेंस कर इसका एलान करेगा। ज्ञात हो कि पिछली बार लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 10 मार्च 2019 को हुआ था। तब देश में सात चरण में मतदान हुआ था। 11 अप्रैल को पहले दौर का मतदान हुआ, जबकि 19 मई को सातवें यानी आखिरी दौर की वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी।
चुनाव आयोग के प्रेस कांफ्रेंस के बाद ही देश भर में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी ।
आज सुबह नवनियुक्त चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधु और ज्ञानेश कुमार ने पदभार संभाल लिया ।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने कल दोनों के नामों को मंजूरी प्रदान की थी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने निर्वाचन सदन में नवनियुक्त चुनाव आयुक्तों का स्वागत किया। उन्होंने इस ऐतिहासिक क्षण में उनके शामिल होने के महत्व को रेखांकित किया जब टीम ईसीआई दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में 2024 के आम चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।तीन सदस्यीय चुनाव आयोग अब पूर्ण हो गया है। इससे पहले आयोग के दो पद रिक्त थे। चुनाव आयुक्त अनूप चन्द्र पांडे का पिछले महीने कार्यकाल समाप्त हो गया था और अरुण गोयल ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।






