स्कूल यूनिफार्म में स्कूल पहुंची प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका नहीं पहचान पाए सहकर्मी एवं छात्र.. बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के लिए नए-नए गेट अप में आती है छत्तीसगढ़ की यह शिक्षिका


रायपुर । सोशल मीडिया में इन दिनों छत्तीसगढ़ के एक स्कूल के शिक्षिका की चर्चा हो रही है यह शिक्षिका स्कूल यूनिफॉर्म में स्कूल आती है । दरअसल राजधानी रायपुर के रामनगर स्थित शासकीय गोकुलराम वर्मा प्राथमिक स्कूल शिक्षिका जान्हवी यदु बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और उनमें अनुशासन का भाव जगाने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों जैसा स्कूल यूनिफार्म पहन कर आना शुरू किया। इससे ऐसे विद्यार्थी जो यूनिफार्म मेें स्कूल नहीं आते थे उन बच्चों ने स्कूल में यूनिफार्म पहन कर आना शुरू कर दिया सोशल मीडिया में इसकी बड़ी चर्चा हो रही है।

शिक्षिका श्रीमती जान्हवी यदु का कहना है कि स्कूली बच्चों के प्रेरणा के स्त्रोत शिक्षक होते हैं। बच्चों को शिक्षकों को देखकर ही उनमें अनुशासन आता है। यदि शिक्षक स्कूल के नियमों का पालन सही तरीके से करते हैं तो बच्चे भी उनका अनुशरण करते हैैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए उन्होंने नए गैट-अप में स्कूल आना शुरू किया तो इसके कई रोचक अनुभव भी हुए। कई बार उन्हें उनके सहकर्मी पहचान नहीं पाए तो कई बार बच्चों ने भी उनसे बच्चों जैसा बर्ताव किया।





