अम्बिकापुर में ट्रैफिक जाम से राहत की कवायद, नगर निगम ने बनाए कई स्थानों पर अस्थायी पार्किंग स्थल; मल्टीपर्पज मैदान में पार्किंग से वॉकर्स और खिलाड़ियों की बढ़ी चिंता
अम्बिकापुर शहर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्गों पर रोजाना बनने वाली ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से आम नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिक निगम अम्बिकापुर ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। देवीगंज रोड, सदर रोड, स्कूल रोड और जयस्तम्भ चौक जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनियंत्रित पार्किंग के कारण अक्सर आवागमन बाधित होता है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
इसी समस्या के समाधान के तहत नगर निगम ने देवीगंज मार्ग के लिए निशांत मेडिकोज के बगल की भूमि, महामाया चौक के लिए नगर निगम स्कूल मैदान, ब्रह्म रोड एवं सदर रोड के लिए पुराना बस स्टैंड तथा राज्य परिवहन डिपो स्थित मैदान, और स्कूल रोड व गुदरी चौक क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था के लिए मल्टीपर्पज स्कूल मैदान को पार्किंग स्थल के रूप में चिन्हित किया है। नगर निगम ने आम नागरिकों और दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित स्थलों पर ही खड़ा करें ताकि शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त रह सके।
हालांकि, प्रशासन के इस फैसले के साथ ही एक नई और गंभीर समस्या खड़ी होती दिख रही है। स्कूल रोड और गुदरी चौक क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था के लिए मल्टीपर्पज स्कूल मैदान का चयन किए जाने से स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों और आम जनता में भारी नाराजगी और चिंता व्याप्त है। मल्टीपर्पज स्कूल मैदान शहर का एक प्रमुख स्थल है, जहाँ रोजाना बड़ी संख्या में नागरिक टहलने, घूमने और बच्चे तथा युवा खेलकूद के लिए आते हैं। मैदान में वाहनों की पार्किंग शुरू होने से यहाँ आने वाले मॉर्निंग/इवनिंग वॉकर्स, खेल प्रेमियों और बच्चों के लिए काफी परेशानी खड़ी हो सकती है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच नगर निगम की कार्यप्रणाली पर आम नागरिकों द्वारा तीखे सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों का कहना है कि नगर निगम पिछले कई सालों में शहरवासियों के लिए ऐसा कोई वैकल्पिक स्थान विकसित करने में पूरी तरह नाकाम रहा है जहाँ खेल प्रेमी और मॉर्निंग/इवनिंग वॉकर्स शांति से अपनी शाम बिता सकें या स्वास्थ्य लाभ ले सकें लेकिन जो खुला स्थान उपलब्ध है, उसे भी पार्किंग के नाम पर छीनने और प्रभावित करने में लगा हुआ है।


