स्कूल से लौटते समय शिक्षक को आई नींद की झपकी, अनियंत्रित होकर खेत में पलटी कार, शिक्षक दंपति घायल

लखनपुर । नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के पहले ही दिन सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम लोसगी नर्सरी के पास मंगलवार (16 जून) की दोपहर लगभग 3:30 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस हादसे में कार सवार शिक्षक तीरथ राम साहू और उनकी पत्नी घायल हो गए हैं। कार पलटने के बाद दोनों दंपत्ति गाड़ी के भीतर ही फंसे रहे, जिन्हें स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल तीरथ राम साहू लखनपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम अरगोती मिडिल स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। राज्य में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस पर शिक्षक दंपति बिलासपुर से सीधे स्कूल ड्यूटी के लिए पहुंचे थे। दिनभर स्कूल की ड्यूटी पूरी करने के बाद जब वे वापस लखनपुर आ रहे थे, तभी लोसगी नर्सरी के पास शिक्षक को अचानक नींद की झपकी आ गई। नींद की झपकी आने के कारण कार पर से उनका नियंत्रण खो गया और कार अनियंत्रित होकर सीधे खेत में जा पलटी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार पलटने के बाद उसका चारों चक्का ऊपर हो गया था और शिक्षक दंपति कार के अंदर ही फंसे रह गए। घटना को देखकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद दोनों को कार के अंदर से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार हेतु एम्बुलेंस के माध्यम से तुरंत लखनपुर अस्पताल भेजा गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है।





