जशपुर

फरार दुष्कर्म आरोपी आरक्षक की सूचना देने पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने घोषित किया नकद इनाम..

​जशपुर जिले में एक विधवा शिक्षिका से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में फरार चल रहे आरक्षक रुद्रमणी यादव की गिरफ्तारी के लिए जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने दो हजार रुपये के नकद पुरस्कार की आधिकारिक घोषणा की है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने चौबीस अप्रैल दो हजार छब्बीस को थाना कांसाबेल में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। शिकायत के मुताबिक बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम टांगरडीह निवासी आरक्षक रुद्रमणी यादव कांसाबेल थाने में पदस्थ था। आरोपी ने फेसबुक के जरिए विधवा शिक्षिका से दोस्ती की और शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता का आरोप है कि आरक्षक ने डरा-धमकाकर संबंध बनाए, जबरन गर्भपात कराया और विरोध करने पर उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।
​पीड़िता की शिकायत के बाद कांसाबेल पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक सड़सठ/दो हजार छब्बीस के तहत दुष्कर्म, गर्भपात, धमकी, गाली-गलौज और आईटी एक्ट सहित एससी एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से ही आरोपी आरक्षक गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
​पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक पुलिस रेगुलेशन के पैरा क्रमांक अस्सी-ए में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह इनामी घोषणा की गई है। आरोपी के संभावित ठिकानों, निवास स्थान और रिश्तेदारों के यहाँ लगातार दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति फरार आरोपी के संबंध में सटीक जानकारी देगा या उसे गिरफ्तार करवाएगा, उसे दो हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा और सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।
​मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने इसकी प्रतिलिपि पुलिस मुख्यालय रायपुर, आईजी सरगुजा रेंज सहित पड़ोसी राज्यों झारखंड के गुमला व सिमडेगा और ओडिशा के सुन्दरगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षकों को भी आवश्यक कार्रवाई और आपसी समन्वय के लिए भेज दी है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button