विशेष संरक्षित पहाड़ी कोरवा पर जानलेवा हमला: जनजाति गौरव दिवस से ठीक पहले मैनपाट में खूनी भिड़ंत…

अंबिकापुर । जनजाति गौरव दिवस से ठीक एक दिन पहले, छत्तीसगढ़ के मैनपाट स्थित मालतीपुर मोहल्ला जंगली जोबा क्षेत्र में एक लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस हमले में एक विशेष संरक्षित जनजाति (PVTG) से संबंध रखने वाले किसान ठुईया पहाड़ी कोरवा (उम्र 52 वर्ष, पिता वासुदेव कोरवा) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह खूनी भिड़ंत जमीन के सीमांकन और स्वामित्व को लेकर हुई, जिसमें रूपन उरांव, उसकी पत्नी और पुत्र ने मिलकर ठुईया कोरवा पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। मारपीट में घायल ठुईया को पहले कमलेश्वरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन उनकी स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।
यह मामला इसलिए और भी गंभीर है क्योंकि पीड़ित पहाड़ी कोरवा जनजाति से हैं। विशेष संरक्षित जनजातियों की जमीन पर विवाद के नाम पर हमला करना आदिवासी भूमि संरक्षण कानूनों और SC/ST (POA) अधिनियम के तहत एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। हमलावर पक्ष द्वारा परिवार सहित लाठी-डंडों से मारपीट किया जाना, जनजातीय लोगों की जमीन पर बढ़ते दबाव को स्पष्ट करता है, जो प्रशासनिक विफलता पर बड़े सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने इस मामले में रूपन उरांव और उसकी पत्नी सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।




