सरगुजा में गेरसा बांध टूटा, 40 एकड़ फसल बर्बाद

अंबिकापुर : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा दिया है। इसका असर सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड पर पड़ा, जहाँ आज सुबह गेरसा बांध का एक हिस्सा टूट गया। बांध के अचानक टूटने से आसपास के लगभग 30-40 एकड़ में लगी फसलें पानी में डूब गईं, जिससे किसानों में अफरातफरी और निराशा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 9 बजे की है। जब चरवाहे अपने मवेशी चराने जंगल की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें पानी के तेज बहाव की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुँचने पर पता चला कि बांध के एक साइड गेट के पास एक छोटा सा सुराख बन गया था। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण यह सुराख धीरे-धीरे लगभग 3 मीटर चौड़ा हो गया और बांध का एक बड़ा हिस्सा टूट गया।
पानी के अचानक फैल जाने से किसान और ग्रामीण परेशान हैं। खबर मिलने के बाद, जिला कलेक्टर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने तेज बहाव के कारण तुरंत मरम्मत करने में असमर्थता जताई है। इस बांध का निर्माण 1988 में किया गया था और इसके टूटने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने प्रभावित किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।




