शादी का झांसा देकर 15 साल की नाबालिक को केरल लेकर भागा 22 साल का युवक, दुष्कर्म के आरोप में हुआ केरल से गिरफ्तार

जशपुर, 12 मई 2025: पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चौकी दोकड़ा क्षेत्र से लापता हुई एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को केरल से बरामद कर लिया है। पुलिस ने लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में 22 वर्षीय दीपेश कुजूर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस गुमशुदा बच्चों को ढूंढने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में, चौकी दोकड़ा निवासी एक व्यक्ति ने 01 अगस्त 2025 को अपनी 15 वर्षीय बेटी के 20 जून 2024 से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी बेटी सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
पुलिस ने तत्काल धारा 363 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। परिजनों, मुखबिरों और तकनीकी टीम की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग लड़की कालीकट (केरल) के कोंडापल्ली गांव में दीपेश कुजूर के साथ है।
श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम केरल रवाना हुई और कोंडापल्ली से नाबालिग लड़की को बरामद कर आरोपी दीपेश कुजूर को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में नाबालिग लड़की ने बताया कि दीपेश कुजूर ने उसे प्यार और शादी का झांसा देकर भगाया था और इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी दीपेश कुजूर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने धारा 363, 366, 376(2)(N) भा.द.वि. और 4, 6 पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पत्थलगांव क्षेत्र में अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन तकनीकी टीम की मदद से उसे पकड़ने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि जिले में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ जारी है और पुलिस गुमशुदा बच्चों को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
इस सफल ऑपरेशन में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक श्री अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक रामजीत साय, नीता कुर्रे, आरक्षक शशि तिर्की, शांति लकड़ा, मनोज मिश्रा और साइबर सेल के आरक्षक अनील सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत जशपुर पुलिस अब तक 155 से अधिक गुमशुदा बच्चों को ढूंढकर उनके परिवारों से मिला चुकी है। पिछले एक सप्ताह में ही पुलिस ने पांच बच्चियों को सकुशल बरामद किया है।





