बोर्ड परीक्षा में खराब प्रदर्शन पर गिरी गाज: जिला शिक्षा अधिकारी का तबादला, मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कार्यवाही
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सख्त चेतावनी के बाद शिक्षा विभाग ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी का तबादला कर दिया है। बोर्ड परीक्षा परिणामों पर मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद यह कदम उठाया गया है। राज्य शासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही और खराब प्रदर्शन किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, महासमुंद के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी प्राचार्य श्री एम.आर. सावंत को अब कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, जगदलपुर में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्राचार्य श्री विजय कुमार लहरे को महासमुंद का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, श्री भूपेंद्र कुमार कौशिक को जांजगीर चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड का विकासखंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा सुशासन तिहार के तीसरे चरण में महासमुंद में आयोजित समीक्षा बैठक में बोर्ड परीक्षा के खराब परिणामों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करने के बाद लिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की बात कही थी और सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को सुधार लाने की कड़ी चेतावनी दी थी। शिक्षा विभाग की यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की परिणाम आधारित कार्यशैली और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।





