राष्ट्रीय

कला, खेल और उद्योग जगत की 71 हस्तियों को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने पद्म पुरस्कार से किया सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2025 के पद्म पुरस्कार समारोह में 71 हस्तियों को सम्मानित किया। समारोह में चार पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कार दिए गए। वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम और सुजुकी मोटर के पूर्व सीईओ ओसामु सुजुकी को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों की घोषणा इस साल 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हुई थी। इसमें कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को देश के नागरिक पुरस्कारों (पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री) को देने की घोषणा की गई थी।

राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में सोमवार को पद्म पुरस्कारों का वितरण किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कारों से कुल 71 हस्तियों को सम्मानित किया।
इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य बड़े नेता मौजूद थे। राष्ट्रपति भवन के भव्य दरबार हॉल में ये पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं बचे हुए लोगों को जल्द ही ये पुरस्कार दिए जाएंगे।

नागरिक अलंकरण समारोह के पहले चरण में वर्ष 2025 के लिए पद्म पुरस्कारों का वितरण किया गया। वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। सुजुकी मोटर के पूर्व सीईओ ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म विभूषण दिया गया। उनके बेटे और सुजुकी मोटर्स के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। फिल्म निर्देशक शेखर कपूर, अभिनेता और आंध्र प्रदेश के विधायक नंदमुरी बालकृष्ण, अभिनेता एस. अजित कुमार, गायक पंकज उधास (मरणोपरांत) को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पंकज उधास की तरफ से उनकी पत्नी फरीदा पंकज उधास ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया। इनके अलावा पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण पुरस्कार मिला।

गायिका जसपिंदर नरूला को कला के क्षेत्र में और क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को खेल के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध वैदिक विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ को भी पद्म श्री पुरस्कार मिला। उन्होंने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के भूमि पूजन का शुभ समय तय किया था। वैदिक संस्कृति और आध्यात्मिकता पर अपने लेखन के लिए जाने जाने वाले अमेरिकी लेखक और शोधकर्ता स्टीफन नैप को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति से पद्म श्री पुरस्कार मिला।

पुरस्कार पाने वालों में चार नागरिकों को पद्म विभूषण मिला। इनमें सुजुकी (मरणोपरांत), सुब्रमण्यम, रेड्डी और मलयालम लेखक एवं फिल्म निर्देशक एम.टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) शामिल हैं। कुल 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इनमें पंकज उधास (मरणोपरांत), सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत), बालकृष्ण कपूर, पूर्व हॉकी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश, तमिल अभिनेता एस. अजित कुमार, जाइडस लाइफसाइंसेज के चेयरपर्सन पंकज पटेल और भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर विनोद धाम शामिल हैं। विनोद धाम को ‘पेंटियम के जनक’ के रूप में जाना जाता है।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं। हर साल ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, उद्योग, चिकित्सा और साहित्य जैसे कई क्षेत्रों में समाज के लिए सकारात्मक योगदान के लिए दिए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button