शासकीय कर्मचारियों का वार्षिक वेतनवृद्धि रोकना न्यायोचित नहीं: छत्तीसगढ़ सर्व शिक्षक कल्याण संघ

जशपुर: कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में कंधे से कंधा मिलाकर जंग लड़ रहे शासकीय कर्मचारियों का वार्षिक वेतन वृद्धि रोकना न्यायोचित नही है।। मजदूरों को घर तक पहुंचाने का कार्य हो या क्वॉरेंटाइन सेंटर में उनकी देखरेख करने का काम हो, चेकपोस्ट में ड्यूटी हो या घर- घर जाकर चावल बांटने का कार्य हो, कर्मचारियों ने अपने दायित्व का निर्वहन भली-भांति किया है। प्रदेश के सभी कर्मचारी लगातार इस आपदा काल में अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
शासकीय कर्मचारियों के सेवाभाव को देखते हुए सरकार उनके मनोबल को और ऊंचा करती, उन्हें पुरुस्कृत करती तो कर्मचारी और भी मनोयोग से कोरोना की जंग लड़ते। DA व वेतनवृद्धि पर रोक लगने से प्रदेश के सभी कर्मचारी निराश हो गए हैं।
छत्तीसगढ़ सर्व शिक्षक कल्याण संघ की ओर से प्रांताध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बनाफर, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यम सिंह नायक, प्रांतीय सलाहकार व जिला संयोजक जशपुर अनिल मिश्रा ने माननीय मुख्यमंत्री जी को निवेदन पत्र प्रेषित कर वार्षिक वेतनवृद्धि व लंबित DA प्रदान किये जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने इस सम्बंध में चर्चा करते हुए बताया कि सिविल सेवा आचरण संहिता अनुसार वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से दण्ड स्वरूप रोकी जाती है, छत्तीसगढ़ के सभी कर्मचारी पूरे मनोयोग से वैश्विक महामारी के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं, अपनी जान जोखिम में डालकर सरकार के हर आदेश निर्देश का पालन कर रहे हैं। हमारे प्रदेश के मुखिया इस बात को समझेंगे और सहानुभूति पूर्वक विचार कर वेतनवृद्धि और DA दिए जाने का आदेश जरूर प्रदान करेंगे।