लावारिस इनोवा से मिला 35.19 लाख का 70 किलो गांजा, फास्टैग से खुला राज, हादसे के बाद डर से कच्चे रास्ते में वाहन खड़ा कर कर भागा था तस्कर.. गिरफ्तार

वाड्रफनगर (बलरामपुर-रामानुजगंज)। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 70.390 किलोग्राम गांजे के मामले में बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 35,19,500 रुपए और प्रयुक्त इनोवा कार की कीमत करीब 15,00,000 रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी बसंतपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले मार्ग के किनारे काफी समय से एक इनोवा कार लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और इनोवा वाहन क्रमांक MH 04 DY 9471 की तलाशी ली।
वाहन का गेट लॉक होने के कारण मैकेनिक से खुलवाया गया। डिक्की की तलाशी में भूरे रंग के टेप से लिपटे 18 पैकेट और एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी से 16 पैकेट (कुल 34 पैकेट) मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर इसका कुल वजन 70.390 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा और इनोवा कार को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 148/2026 (विज्ञप्ति के शीर्ष में क्रमांक 148/2025 अंकित) के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
फास्टैग और तकनीकी जांच से पकड़ा गया आरोपी
विवेचना के दौरान इनोवा वाहन में लगे फास्टैग और अन्य तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार यादव (उम्र 43 वर्ष), पिता नखडू यादव, निवासी फ्लैट नंबर 104, सुंदरम नाका, माहिम-पालघर रोड, थाना पालघर, जिला पालघर, मुंबई (महाराष्ट्र), स्थायी पता जलालपुर माफी, थाना चुनार, जिला मिर्जापुर (उ.प्र.), हाल मुकाम सिधिताली, थाना अलीनगर, जिला चंदौली (उ.प्र.) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह इनोवा कार मुंबई के एक व्यक्ति से खरीदी थी, लेकिन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं कराई थी। कोरोना काल (2020-21) में दुकान बंद होने के बाद वह अपने गांव मिर्जापुर लौट आया था और तब से ड्राइवरी कर रहा है।
आरोपी के मुताबिक, उसने अपने साथी के साथ मिलकर ओडिशा के सुंदरगढ़ में इनोवा कार में गांजा लोड किया था और 22 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। वाड्रफनगर के पास एक ट्रक के पेड़ से टकराने के कारण आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे उसकी इनोवा कार पीछे से टकरा गई। हादसे और आगे की स्थिति को लेकर घबराहट में वह तेज रफ्तार से गाड़ी भगाने लगा तथा छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर पुलिस की मौजूदगी की आशंका के डर से कार को कच्चे रास्ते के किनारे खड़ा कर अपने साथियों संग भाग गया था।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में अन्य साथियों और सभी पहलुओं पर विवेचना जारी है।



