शराब बिक्री के 7.59 लाख रुपए गबन मामले में सुपरवाइजर गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश तेज

वाड्रफनगर (बलरामपुर-रामानुजगंज)। वाड्रफनगर स्थित कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान की बिक्री राशि में 7,59,720 रुपए के गबन और धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने फरार सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। चौकी वाड्रफनगर (थाना बसंतपुर) पुलिस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 से 11 जून 2026 के बीच ऑडिटर द्वारा कम्पोजिट मदिरा दुकान वाड्रफनगर का भौतिक सत्यापन किया गया था। इस दौरान दुकान के सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव बिना किसी सूचना के मनमाने ढंग से अनुपस्थित पाया गया।
जब भौतिक सत्यापन और प्रतिदिन की बैंक जमा राशि का मिलान किया गया, तो 7,59,720 रुपए कम जमा होना पाया गया। जांच में सामने आया कि सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव द्वारा प्रतिदिन होने वाली शराब बिक्री का स्टॉक रजिस्टर संधारित कर राशि का हिसाब रखा जाता था और कैश कलेक्शन एजेंसी को राशि सौंपी जाती थी। उसने बैंक में राशि जमा न कर शासन के राजस्व को क्षति पहुंचाई और बिना बताए फरार हो गया।
इस संबंध में 3 जुलाई 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक (वृत्त वाड्रफनगर) अभिषेक कुमार राजवाड़े की लिखित शिकायत पर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत धारा 318(4) एवं 316(5) (भारतीय न्याय संहिता) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान विक्रय पंजी और बैंक विवरण के अवलोकन में 7,59,720 रुपए की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी लाल बिहारी यादव (उम्र 26 वर्ष), पिता रामनाथ यादव, निवासी ग्राम कुण्डपान, थाना बभनी, जिला सोनभद्र (उ.प्र.) हाल मुकाम ग्राम प्रेमनगर, थाना बसंतपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद वाड्रफनगर न्यायालय से आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर धोखाधड़ी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।



