अम्बिकापुर

बतौली से कलेक्टर के पास पहुंचीं आक्रोशित छात्राएं: एकलव्य विद्यालय की समस्याओं पर सरगुजा कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश, तीन सदस्यीय कमेटी गठित

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के बतौली स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राएं अपनी मूलभूत समस्याओं से परेशान होकर सोमवार को जिला कलेक्टरेट पहुंच गईं। जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में छात्राओं ने कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर विद्यालय में लंबे समय से व्याप्त व्यवस्थाओं की जानकारी दी और त्वरित समाधान की मांग की। छात्राओं ने कलेक्टर को बताया कि विद्यालय में पिछले एक महीने से बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे उनका दैनिक जीवन और अध्ययन कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही, विद्यालय में भौतिकी (फिजिक्स) और रसायन शास्त्र (कैमिस्ट्री) के शिक्षकों की भारी कमी के कारण उनकी पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। बालिकाओं ने भोजन की गुणवत्ता में कमी और विद्यालय परिसर में साफ-सफाई के अभाव की शिकायत भी प्रमुखता से रखी।


छात्राओं की इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को छात्राओं की परेशानियों को दूर करने के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया गया। इसके साथ ही, पूरे मामले की जमीनी हकीकत जानने और दोषियों की पहचान करने के लिए एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है।
कलेक्टर द्वारा गठित इस जांच टीम में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शारदा अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर फागेश सिन्हा, और आदिवासी विकास विभाग की सहायक संचालक किरण राजपूत को शामिल किया गया है। यह जांच कमेटी विद्यालय का दौरा कर सभी बिंदुओं पर गहन जांच करेगी और दो दिवस के भीतर अपना विस्तृत जांच प्रतिवेदन कलेक्टर श्री वसंत के समक्ष प्रस्तुत करेगी। जांच के बाद जो भी जिम्मेदार और दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के उद्देश्य से जिले के सभी आश्रम एवं छात्रावासों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को भी एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने प्रभार वाले छात्रावासों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button