पिता की झगड़ालू प्रवृत्ति से तंग आकर कलयुगी बेटे ने की हत्या, सील-लोढ़ा से सिर पर किया वार; गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

जशपुर: बात-बेबात झगड़ा करने की आदत और रोज-रोज के क्लेश से तंग आकर एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। गुस्से में अंधे हुए बेटे ने घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खटिया पर ही बेहोश हो गया और उसके नाक, मुंह व कान से खून बहने लगा। परिजनों द्वारा आनन-फानन में अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही पिता की मौत हो गई।
यह दर्दनाक मामला जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के चौकी ऊपर कछार अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार का है। पुलिस से मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, आरोपी बेटा सूरज सिंह (उम्र 32 वर्ष) अपने पिता मृतक कृष्णा सिंह की झगड़ालू प्रवृत्ति से लंबे समय से बेहद परेशान था। पिता आए दिन घर के अंदर और बाहर बात-बेबात लोगों से वाद-विवाद करता रहता था। घटना दिनांक 06.08.2026 को भी इसी बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच तीखी बहस और विवाद हो रहा था, इसी दौरान आरोपी सूरज सिंह ने आवेश में आकर घर में रखे सील-लोढ़ा से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया।
घटना की जानकारी तब सामने आई जब मृतक के भतीजे व प्रार्थी योगादर सिंह को गांव के ही एक व्यक्ति ने सूचना दी कि आरोपी बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट की है जिससे वे बेहोश हो गए हैं। सूचना मिलते ही प्रार्थी तुरंत अपने चाचा कृष्णा सिंह के घर पहुंचा, जहां उसने देखा कि वे खटिया पर बेहोश पड़े थे और उनके शरीर से खून बह रहा था, जबकि आरोपी सूरज सिंह वहीं पास में ही खड़ा था। प्रार्थी ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और कृष्णा राम को इलाज के लिए सबसे पहले शासकीय अस्पताल केरसई ले गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें शासकीय अस्पताल कुनकुरी रेफर किया गया। कुनकुरी अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्णा सिंह को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद कुनकुरी थाने में बिना नंबरी मर्ग कायम कर मृतक के शव का पंचनामा किया गया और डॉक्टर से पोस्टमॉर्टम कराया गया। चूंकि घटनास्थल तपकरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता था, इसलिए मर्ग डायरी को आगे की कार्रवाई के लिए थाना तपकरा भेजा गया। इसके बाद थाना तपकरा में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच विवेचना में लिया गया।
जशपुर पुलिस ने त्वरित और संवेदनशीलता दिखाते हुए दिनांक 07.08.2026 को ही आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस की कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही और जुर्म कुबूल करने के बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा को भी विधिवत जब्त कर लिया है। पर्याप्त सबूत और साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी सूरज सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे सनसनीखेज मामले के खुलासे और आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही है।




