अम्बिकापुर

घर में काम करने वाली 15 वर्षीय किशोरी से हैवानियत कर, फरार आरोपी तरुण जायसवाल पटना से गिरफ्तार, एसपी ने घोषित किया था 5000 का इनाम

अंबिकापुर : थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चोपड़ापारा में घर में काम करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना को अंजाम देने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने अंततः बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के सख्त दिशा-निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने लगभग 10 दिनों तक विभिन्न राज्यों में पसीना बहाने के बाद इस सनसनीखेज मामले के आरोपी को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने इसे तत्काल संज्ञान में लिया था और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे फरार आरोपी तरुण जायसवाल की सटीक सूचना देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले के लिए 5,000 रुपये के नकद इनाम की उद्घोषणा भी की गई थी। इसके अलावा, आरोपी के पास मौजूद 12 बोर डीबीबीएल बंदूक का लाइसेंसी शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर उसके घर से जब्त किया जा चुका था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी तरुण जायसवाल लगातार अपने ठिकाने और मोबाइल नंबर बदल रहा था। वह पुलिस को चकमा देने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद रखता था और बातचीत के लिए रास्ते के अनजान राहगीरों से मोबाइल मांगकर संपर्क साधता था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पेशेवर सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी के बैंक खातों को फ्रिज कराया, उसके वाहन के नंबर से ट्रेवल हिस्ट्री निकाली तथा आरोपी और उसके संपर्क के सभी संदेहास्पद मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। इन कड़ियों को जोड़ते हुए पिछले 10 दिनों से पुलिस टीम लगातार आरोपी का पीछा कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने देवघर, वासुकीनाथ, पुरी, रांची और अंततः पटना (बिहार) तक लगातार ट्रैक किया।
बिहार के पटना में स्थानीय पुलिस के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त टीम ने आरोपी तरुण कुमार जायसवाल (पिता स्व. बंशीधर जायसवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम भफौली, हालमुकाम चोपड़ापारा वसुंधरा हाइट फ्लैट नंबर 207, थाना अंबिकापुर) को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के लिए माननीय न्यायालय पटना में पेश किया गया, जहाँ से रिमांड मिलने के बाद पुलिस टीम उसे लेकर अंबिकापुर के लिए रवाना हो चुकी है। थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 504/2026, धारा 65(1) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा इस प्रकरण में आगे की वैधानिक और अग्रिम विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button