गर्भपात से दुखी महिला ने अस्पताल से चुराया 1 महीने का बच्चा, पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर मासूम को सकुशल परिजनों को सौंपा

जशपुर । जिला अस्पताल से महज एक महीने के मासूम बच्चे की चोरी करने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंडरापाठ क्षेत्र के एक दंपत्ति अपने 1 माह के बच्चे की मां का स्वास्थ्य खराब होने पर इलाज के लिए शासकीय अस्पताल जशपुर में भर्ती हुए थे। इसी दौरान आरोपी महिला तारा बाई (उम्र 35 वर्ष), निवासी दातुनपानी (बगीचा), अस्पताल के आसपास घूम रही थी।
तारा बाई को पता चला कि नवजात बच्चे को ‘छान्दा’ नामक बीमारी है। महिला ने झाड़-फूंक से बच्चे की बीमारी का खुद इलाज करने का झांसा देकर परिजनों का विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह बच्चे की मां और दादी को खाना खिलाने के बहाने जशपुर बस स्टैंड के पास एक होटल में ले गई। जब परिजन खाना खा रहे थे, तभी आरोपी महिला बच्चे को गोद में लेने के बहाने से उसे लेकर बस से फरार हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बच्चे व आरोपी महिला की पतासाजी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम को जांच के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज से संदिग्ध महिला की फोटो मिली। तकनीकी टीम की मदद से पुलिस आरोपी महिला के ग्राम दातुनपानी (चौकी पंडरापाठ, थाना बगीचा) तक पहुंच गई और उसे हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 1 माह के बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी तारा बाई ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी तीन शादियां हुई हैं। पहले पति से उसके बच्चे हैं, लेकिन अलग होने के बाद जिन दो पुरुषों से उसने शादी की, उनसे उसे बच्चे नहीं हो रहे थे। कुछ दिनों पूर्व वह चार महीने की गर्भवती थी, परंतु बच्चा खराब हो जाने से उसका गर्भपात (Miscarriage) हो गया था। इस वजह से वह अत्यंत व्यथित (दुखी) रहती थी और इसी कारण वह बच्चा चोरी करने की नीयत से जशपुर आई हुई थी।
थाना सिटी कोतवाली जशपुर में पहले अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी महिला की पहचान होने और बच्चे की बरामदगी के बाद मामले में बीएनएस की धारा 140(3) जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी तारा बाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, वहीं मासूम बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।





