सूरजपुर: भाजपा पार्षद पर बुजुर्ग और विधवा बहू की जमीन हड़पने का आरोप, शिकायत करने पर मिली जान से मारने की धमकी, एसपी दफ्तर पहुंचा पीड़ित परिवार

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सत्ता पक्ष के प्रभाव का दुरुपयोग कर एक बुजुर्ग की संपत्ति हड़पने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। मानपुर निवासी रामचरितर साहू ने भाजपा पार्षद राजेश साहू और राधाकृष्ण साहू पर जालसाजी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित रामचरितर साहू अपनी बहू और नातिन के साथ संयुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि मानपुर रिंग रोड पर उनका घर और दुकानें स्थित हैं। उनके बेटे की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के बाद इन्हीं दुकानों से आने वाले किराए से उनके पूरे परिवार का गुजर-बसर होता था। आरोप है कि भाजपा पार्षद राजेश साहू और राधाकृष्ण साहू ने रामचरितर की बेटियों के साथ मिलीभगत की और उस भूमि को कागजों में खाली बताकर फर्जी तरीके से अपने नाम पर रजिस्ट्री करा ली।
अन्याय और सत्ता के दबाव से परेशान होकर पीड़ित ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि उन्हें अपनी संपत्ति और आजीविका वापस मिल सके।





