रफ़्तार का कहर: तीन महिलाओं को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रौंदा, मौके पर ही तीनों की दर्दनाक मौत

अंबिकापुर । रविवार की शाम एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने राह चलती तीन महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीनों की मौके पर ही सांसें थम गईं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब महिलाएं बाजार से खरीदारी कर अपने घर वापस जा रही थीं। रफ़्तार इतनी बेकाबू थी कि महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला और स्कॉर्पियो उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और भारी आक्रोश व्याप्त है।
हादसा एनएच 130 स्थित भिट्ठीकला के पास हुआ, जहां साप्ताहिक बाजार से सब्जी लेकर लौट रही महिलाओं को अंबिकापुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (क्रमांक सीजी 15 ईएच 8874) ने एक के बाद एक रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक वाहन पर नियंत्रण खो चुका था और दो महिलाओं को टक्कर मारने के बाद उसने तीसरी महिला को भी अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की गति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिलाओं को कुचलने के बाद भी वह नहीं रुका और अंत में सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भागने की कोशिश कर रहे ड्राइवर को भीड़ ने पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को हिरासत में लेकर थाने भेजा। फिलहाल, हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है और पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को शांत कराकर यातायात बहाल करने की कोशिश में जुटा है। मृतकों की शिनाख्त की कार्रवाई की जा रही है।



