महादेव बेटिंग ऐप मामले मे पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम ईडी की चार्ज शीट में, छत्तीसगढ़ सियासत में हड़कंप

महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट में पूर्व सीएम भूपेश बघेल का नाम आते ही छत्तीसगढ़ की सियासत में हड़कंप मच गया है. शनिवार को जैसे ही इसका खुलासा हुआ प्रदेश में इसकी चर्चा तेज हो गई. ईडी ने 5 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है, जिनमें शुभम सोनी, अमित कुमार अग्रवाल, रोहित गुलाटी, भीम सिंह और असीम दास का नाम है.
इस मामले को लेकर दोनों ही पार्टियों के नेता आमने सामने हैं. भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता के पैसों को लूटने पूर्व सीएम पर आरोप लगाए हैं. तो वहीं कांग्रेस ने भी इस पर पलटवार करते हुए भाजपा का षड्यंत्र बताया है.
भूपेश बघेल को हिसाब देना होगा : बीजेपी प्रवक्ता
छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने इस मामले में कहा कि भूपेश बघेल जी छत्तीसगढ़ के आम लोगों का जो 508 करोड़ रुपए आपने महादेव ऐप के नाम से जो लूटा है, उसका हिसाब आपको जनता को देना ही होगा. आपने जनता को लूटने के एक भी मौक़ा नहीं छोड़ा. चाहे PSCघोटाला हो, शराब घोटाले या फिर अन्य.
षड्यंत्रकारी एजेंसी बन गई ED : कांग्रेस
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ED जांच एजेंसी नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी की षड्यंत्रकारी एजेंसी बन गई है. उन्होंने कहा कि असीम दास ने अदालत के सामने बयान दिया था कि ईडी ने उससे हस्ताक्षर करवाया था. अब उस बयान को ईडी झुठलाने में लग गई है. निष्पक्ष जांच में यह साफ हो जाएगा कि मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाक साफ हैं.





