प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आवेदन की समय सीमा बढ़ी, 16 अगस्त तक होंगे पंजीयन

केंद्र सरकार ने पीएम फसल बीमा योजना (PMFBY) के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है. यह तारीख पहले 31 जुलाई थी.अब किसान 16 अगस्त तक बीमा हेतु अपना आवेदन कर सकते है। खेती के दौरान किसानों को हर साल मुश्किलों से दो-चार होना होता है। प्राकृतिक आपदाओं के चलते किसानों की फसलें कई बार पूरी तरह बर्बाद हो जाती है. ऐसी स्थिति में किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत की गई थी।
ज्ञात हो कि पहले यह तारीख 31 जुलाई थी. राज्य सरकारों ने केंद्र से इस डेडलाइन को बढ़ाने की मांग की थी. इसके बाद केंद्र सरकार फसलों बीमा के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख को बढ़ा दिया है. विदित हो कि फसल बीमा के लिए आवेदन करने की तिथि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग है जैसे ओडिशा के लिए यह तारीख पांच अगस्त है तो असम के लिए भी पांच अगस्त निर्धारित है. यूपी के लिए 10 अगस्त, राजस्थान के लिए 10 अगस्त, गोवा के लिए 15 अगस्त, मणिपुर के लिए 16 अगस्त, छत्तीसगढ़ के लिए 16 अगस्त और मध्य प्रदेश के लिए भी फसल बीमा योजना के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 16 अगस्त है.
इतना देना होगा प्रीमियम
अगर आप पीएम फसल बीमा योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो आपको एक निर्धारित प्रीमियम को देना होगा. यह प्रीमियम बेहद कम होता है जिसे हर कोई दे सकता है. खरीफ की फसल के लिए आपको बीमा राशि का दो फीसदी तक प्रीमियम देना पड़ता है. वहीं, रबी की फसल के लिए 1.5 फीसदी तक प्रीमियम देना होगा. इसके अलावा बात करें बागवानी फसलों की तो इसमें आपको फसल की बीमा राशि का अधिकतम 5 फीसदी तक प्रीमियम के रूप में देना होगा.





