अम्बिकापुर

समर्थन मूल्य पर धान बेचने किसानों में उत्साह पहले दिन जिले के 76 किसानों ने बेचे 3 हजार 9 क्विंटल धान

हिंद शिखर न्यूज़ अम्बिकापुर।  खरीफ सीजन 2020-21 में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 1 दिसम्बर से जिले के उपार्जन केन्द्रों में शुरू हुआ। उपार्जन केन्द्रों मे समर्थन मूल्य में धान बेचने आए किसानों में भारी उत्साह देखा गया। पहले दिन जिले के 19 उपार्जन केन्द्रों में 76 किसानों के द्वारा 3 हजार 9 क्विंटल धान बेचा गया।
इसीक्रम में आज 1 दिसम्बर को अम्बिकापुर विकासखंड के मेंड्राकला सेवा सहकारी समिति में पूजा-अर्चना कर आसपास के किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री बढ़ाराम ने किसानों को टोकन जारी करने की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। धान बेचने आए ग्राम केराकछार के कृषक श्री सहदेव राजवाड़े ने बताया कि वे 35 क्विंटल धान तौल के लिए लेकर आये हैं। समर्थन मूल्य में धान खरीदी को लेकर सहदेव उत्साहित नजर आए। कृषक  देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनके द्वारा करीब 3 एकड़ जमीन में धान की खेती की गई जिसमें करीब 40 क्विंटल धान की उपज हुई। इसे बेचने के लिए मंडी लेकर आया हूँ। 25 सौ रुपये में धान खरीदी किसानों के लिए लाभकारी योजना है। धान बेचकर किसान शादी-ब्याह, खेती-किसानी तथा अन्य आवश्यक कार्य करते हैं।


शासन के मंशानुरूप सभी केंद्र प्रभारियों को केंद्र में धान बेचने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो यह सुनिश्चित करने कहा गया है। कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर उपस्थित किसानों को खरीदी केंद्र में मास्क लगाकर आने तथा फिजिकल डिस्टेंस का अनिवार्य रूप से पालन करने निर्देशित किया गया है।

खरीदी केंद्र प्रभारी ने बताया कि धान उपार्जन केंद्र में आज सुबह 10 बजे से किसानों को टोकन जारी किया जा रहा है। चार किसानों के द्वारा 210 क्विंटल धान बेचा गया है। समिति में धान खरीदी की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। बारदाने की किसी भी प्रकार की समस्या नही है। सहकारी समिति में मौके पर उपस्थित किसानों से कहा गया कि जिन किसानों को टोकन जारी किया जा चुका है, वे साफ, सूखे गुणवत्ता पूर्ण धान खरीदी केंद्र में लेकर आए ताकि उन्हें बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उल्लेखनीय है कि खरीफ वर्ष 2020-21 में कामन धान का समर्थन मूल्य 1868 रूपए और ग्रेड ए का मूल्य 1888 रूपए प्रति क्विंटल शासन द्वारा निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button