सूरजपुर
एसईसीएल खदान विस्तार के विरोध में उग्र प्रदर्शन: अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर ग्रामीणों ने यात्री बसों और निजी वाहनों को बनाया निशाना, लाठी-डंडों से की तोड़फोड़ , यातायात ठप, भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद…

अंबिकापुर। एसईसीएल (SECL) खदान विस्तार के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। खदान विस्तार से प्रभावित होने वाले 200 से अधिक ग्रामीणों ने अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर धर्मपुर के पास जमकर उत्पात मचाया और उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई यात्री बसों और निजी वाहनों को अपना निशाना बनाया, तथा लाठी-डंडों से हमला कर उनमें जमकर तोड़फोड़ की, जिससे कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
इस घटना के बाद से मार्ग पर यातायात अभी भी पूरी तरह से रुका हुआ है, जिससे आवागमन ठप पड़ा है। अचानक हुए इस हमले और हंगामे के कारण बीच रास्ते में फंसी यात्री बसों में बैठे यात्रियों में भारी अफरा-तफरी और डर का माहौल मच गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और यातायात बहाल कराने के साथ ही उग्र ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।




