मैनपाट महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू,13, से 15 फरवरी को होगा आयोजन
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में मैनपाट महोत्सव की बैठक संपन्न; कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ सहित अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

अंबिकापुर: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में ‘मैनपाट महोत्सव 2026’ के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का आयोजन फरवरी माह की 13, 14 और 15 तारीख को रोपाखार जलाशय के समीप किया जाएगा। मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस गरिमामयी आयोजन में स्थानीय कलाकारों, स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अधिक से अधिक अवसर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि महोत्सव भव्यता के साथ संपन्न हो।
चर्चा के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के चयन, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, विभागीय स्टॉल्स और एडवेंचर एक्टिविटी जैसे विषयों पर विस्तार से रणनीति बनाई गई। मंत्री ने स्थानीय दुकानदारों को स्टॉल आबंटन में प्राथमिकता देने और निजी संस्थानों से आवेदन आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग और वन विभाग को महोत्सव से जुड़ी तैयारियों को समय पर पूर्ण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



