सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, एक करोड़ का इनामी कमांडर समेत 10 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए एक बड़े ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के मैनपुर क्षेत्र के घने जंगलों में हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में खूंखार नक्सली कमांडर मनोज उर्फ मॉडम बालकृष्ण भी शामिल है, जिस पर एक करोड़ रुपये का बड़ा इनाम घोषित था।
यह मुठभेड़ गुरुवार सुबह तब शुरू हुई जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की विशेष कोबरा बटालियन, विशेष कार्य बल (STF) और जिला पुलिस बल की एक संयुक्त टीम को मैनपुर क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली। इसके बाद तुरंत ही सुरक्षाबलों की टीम को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया।
मारा गया नक्सली कमांडर मनोज उर्फ मॉडम बालकृष्ण नक्सली संगठन का एक बड़ा और प्रभावशाली नेता था। वह कई गंभीर अपराधों में वांछित था और कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था, जिससे उसकी खूंखारियत और संगठन में उसके प्रभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों का सफाया करने का एक बड़ा अभियान चला रखा है, जिसके तहत कई सफल ऑपरेशन किए गए हैं। इस अभियान में कई बड़े नक्सली नेता या तो मारे गए हैं या गिरफ्तार हुए हैं।





