सूरजपुर

सूरजपुर जिले में ₹113 करोड़ से अधिक के साइबर लेनदेन की महाठगी का पर्दाफाश

21 राज्यों के 150 शिकायतकर्ताओं से जुड़ा मामला; दो आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

सूरजपुर। भारतीय सायबर अपराध समन्वय केंद्र (आई फोर सी) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल (जेसीसी टीएमएस) के जरिए संदिग्ध बैंक खातों की सूची मिलने के बाद सूरजपुर पुलिस ने जांच तेज की, जिसमें साइबर ठगी से जुड़े एक सामूहिक बैंक खाते के माध्यम से करोड़ों रुपये के लेनदेन का बड़ा मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि आरोपी देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में ‘डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन’ नामक संस्था के नाम से पंजीयन कराकर खाता खुलवाया था। इस खाते के केवाईसी और बैंक विवरण की पड़ताल में खुलासा हुआ कि 21 राज्यों के 150 खाताधारकों ने शिकायतें दर्ज कराई थीं और खाते के माध्यम से कुल 1,13,32,09,604 रुपये (एक अरब तेरह करोड़ बत्तीस लाख नौ हजार छह सौ चार रुपये) की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ है। जांच के बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना में सामने आया कि 23 अप्रैल 2025 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में लगभग 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था, जिसमें से 13 लाख रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त हुए थे। आरोप है कि जिशान खान ने चेक और एटीएम के माध्यम से यह कमीशन राशि बैंक से निकाली। जांच में कमीशन के बंटवारे का भी खुलासा हुआ, जिसमें देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपये, अमन पासवान को 2 लाख रुपये तथा जिशान खान को अपने हिस्से के रूप में 2.5 लाख रुपये मिलना पाया गया, जिसे आरोपियों ने खर्च कर देना बताया। प्रकरण में आरोपी देवनारायण चक्रधारी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में सूरजपुर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबीर की सूचना और नई तकनीक की मदद से दबिश देकर आरोपी अमन पासवान (पिता श्रीराम पासवान, उम्र 32 वर्ष, निवासी पंखानजूर, थाना पंखानजूर, जिला कांकेर) तथा जिशान रजा (पिता रियाजुल खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी नावापारा, सूरजपुर) को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, सह-आरोपी महेश कुमार चक्रधारी समेत फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, एसआई सकलूराम भगत और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button