छत्तीसगढ़

नवा रायपुर में शिक्षा मंत्री के बंगले में घुसे डीएड अभ्यर्थी, 2300 खाली पदों पर नियुक्ति की तारीख के लिए शुरू किया बंगले के अंदर अनिश्चितकालीन धरना

रायपुर: सहायक शिक्षक के रिक्त पड़े 2300 पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग को लेकर बीते कई महीनों से संघर्ष कर रहे डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। अपनी मांगों की अनदेखी से नाराज सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आज सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए नवा रायपुर स्थित शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सरकारी बंगले के भीतर प्रवेश कर दिया और वहां अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यह आंदोलन पिछले 321 दिनों से लगातार जारी है और इस बार अभ्यर्थी अकेले नहीं हैं, बल्कि उनके साथ उनके बुजुर्ग माता-पिता और परिजन भी बंगले के भीतर ही धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों का कहना है कि उनके बच्चों ने कड़ी मेहनत से परीक्षा पास की है, लेकिन विभाग की लेटलतीफी के कारण वे मानसिक और आर्थिक रूप से टूट चुके हैं।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे प्रतिनिधियों ने साफ कर दिया है कि वे अब किसी भी खोखले आश्वासन पर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनकी मुख्य मांग है कि विभाग लिखित में यह बताए कि 2300 खाली पदों पर काउंसलिंग और नियुक्ति की स्पष्ट तारीख क्या होगी और लंबे समय से अटकी इस भर्ती प्रक्रिया को तत्काल पूरा किया जाए।
जिस वक्त अभ्यर्थियों ने बंगले के भीतर प्रवेश किया, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव वहां मौजूद नहीं थे। मंत्री के निवास के अंदर इतनी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के घुसने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर आनन-फानन में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। समाचार लिखे जाने तक अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर बंगले के भीतर ही डटे हुए हैं और प्रशासन उन्हें समझाने का प्रयास कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button