बलरामपुर में यूट्यूबर दीपक यादव गिरफ्तार: शिक्षक को धमकाकर पैसे मांगने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में बड़ी कार्रवाई

बलरामपुर-रामानुजगंज: जिले के थाना पस्ता क्षेत्र में एक शासकीय शिक्षक को धमकाकर अवैध रूप से पैसों की मांग करने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने वाले चर्चित यूट्यूबर दीपक यादव सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत आवेदन खारिज होने के बाद आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना के संबंध में थाना पस्ता में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने पुलिस को बताया कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों द्वारा उनके फाउंडेशन के नाम पर 10,000 रुपये की अवैध मांग की जा रही थी। गत 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे आरोपी श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति के वहां वीडियो बनाने लगे। इस दौरान प्रार्थी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा पैसे न देने पर वीडियो को यूट्यूब एवं फेसबुक पर वायरल कर उन्हें नौकरी से निलंबित करवाने और समाज में बदनाम करने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, यूट्यूबर दीपक यादव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिससे शिक्षक की व्यक्तिगत व सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ-साथ विद्यालय की छवि को भी भारी नुकसान पहुंचा। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पस्ता में अपराध क्रमांक 44/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस विवेचना के दौरान प्रार्थी व गवाहों के बयान दर्ज किए गए, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो तथा फोटो के स्क्रीनशॉट से जुड़ी पेन ड्राइव को जब्त किया गया। साथ ही प्रार्थी की नियुक्ति व पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी संकलित किए गए। मामले में मुख्य आरोपी यूट्यूबर दीपक यादव ने माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया।
जांच और कानूनी प्रक्रिया के आगे बढ़ने पर दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति प्राप्त कर तीनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
इस मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों में मुख्य रूप से यूट्यूबर दीपक यादव (उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम टांगरमहरी, थाना बलरामपुर), श्रवण यादव (उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता) और सूर्या यादव (उम्र 20 वर्ष, निवासी इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 04, बलरामपुर) शामिल हैं। बलरामपुर पुलिस ने इस घटना के माध्यम से आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, किसी की भी प्रतिष्ठा को आहत करने वाली सामग्री बिना तथ्यों की सत्यता जांचे प्रसारित न करें और किसी भी प्रकार की अवैध मांग या धमकी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें।



