बेनीपुर ग्राम की धार्मिक विरासत को सहेजने के लिए गठित हुई समिति, जनसहयोग और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकसित होगा आस्था का प्राचीन केंद्र
समिति के संरक्षण में ग्राम बेनीपुर पंचायत रनपुर खुर्द स्थित माता नाथल देवी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार व भव्य निर्माण

अम्बिकापुर। ग्राम बेनीपुर, पंचायत रनपुर खुर्द स्थित प्राचीन आस्था केंद्र माता नाथल देवी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं भव्य निर्माण के लिए माता नाथल देवी मंदिर निर्माण एवं जीर्णोद्धार समिति का गठन किया गया है। समिति के संरक्षक जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया व जितेंद्र सिंह (सोनपुर), अध्यक्ष गौटिया अर्जुन पटेल, उपाध्यक्ष सतीष यादव तथा सचिव हरिशंकर बनाए गए हैं।

समिति के सदस्यों में ननका बैगा, पंडा ललन प्रसाद, चंदर यादव, सुखलाल रजवाड़े, राजू यादव, भदर यादव, धनसी, राम आशीष, डिलेश्वर पैकरा, ललित रजवाड़े, नंदकेश्वर रजवाड़े, बुधनराम पैकरा, बरन राम, ननका यादव, कुमार राम, कन्हैयालाल, ननका (सरपंच), रामकुमार यादव, कृष्णा यादव, मनोहर राम, चंभूलाल, रामनारायण, हरिप्रसाद, बद्रीनारायण, नरेश राम, छत्रपाल सिंह, शिवचरण पावले, नानसाय, सीताराम, चंद्रदेव, विजय मानिकपुरी, केशव प्रसाद तथा बालेश्वर रजवाड़े शामिल हैं।
समिति के अध्यक्ष गौटिया अर्जुन पटेल ने कहा कि बेनीपुर एक ऐसा सद्भावना ग्राम है, जहाँ धार्मिक और सामाजिक समरसता की अद्भुत मिसाल देखने को मिलती है। यहाँ स्थित माता नाथल देवी का मंदिर क्षेत्र की प्राचीन आस्था का केंद्र है। परंपरा के अनुसार चैत्र एवं शारदीय नवरात्र में माँ महामाया की पूजा-अर्चना माता नाथल देवी के स्थल से चुनरी प्रस्थान होने के बाद ही संपन्न माना जाता है। इस मंदिर में आज भी बैगा परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की जाती है, तथा बैगा गुनिया के पूजा अर्चना और मंत्रोचार में माता नाथल देवी का नाम अवश्य रूप से लिया जाता है ।
उन्होंने बताया कि इस प्राचीन धरोहर का संरक्षण और विकास करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर परिसर के विकास के लिए पर्यटन संस्कृति धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है । सरकार की विचारधारा केवल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण एवं संवर्धन को भी समान महत्व देती है।
अध्यक्ष अर्जुन पटेल ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन, जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा जनभागीदारी से इस पवित्र स्थल का जीर्णोद्धार कर इसे एक सुसज्जित और व्यवस्थित धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
श्री पटेल ने बताया कि बेनीपुर, पंचायत रनपुर खुर्द स्थित माता नाथल देवी मंदिर के प्राचीन अवशेष आज भी मौजूद हैं तथा परिसर की बाउंड्री वॉल भी निर्मित है। वर्षों से श्रद्धालु यहाँ दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते रहे हैं। प्राचीन काल से बैगा, गुनिया एवं ग्रामीणजन इस स्थल पर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करते रहे हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार ग्राम्य पूजा-पद्धतियों में माता कामाख्या के स्वरूप माता नाथल देवी की पूजा का विशेष महत्व रहा है।
उन्होंने कहा कि बेनीपुर की पहचान धार्मिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता की प्रतीक है। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर के जीर्णोद्धार और मंदिर निर्माण का कार्य समाज के सभी वर्गों के सहयोग से शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।





