सरगुजा जिले के 15 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का किया गया नष्टीकरण

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस द्वारा कुल 15 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की प्रक्रिया इंद्रा पावर जैन प्राइवेट लिमिटेड नयनपुर गिरवरगंज जिला सूरजपुर में विधिपूर्वक संपन्न की गई। यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के मार्गदर्शन में की गई, जिसके अंतर्गत एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त मादक पदार्थों का निपटान किया गया। कुल 15 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों में 44.155 किलोग्राम गांजा, 1478 नग इंजेक्शन, 2610 नग टेबलेट और 110 नग कफ सिरप को विधिवत नष्ट किया गया।
यह नष्टीकरण कार्रवाई समिति के अध्यक्ष डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.), अन्य सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकान्त गायकवाड़ तथा पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्रवाई की पूरी पारदर्शिता के लिए मौके पर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी की गई।
कार्रवाई से पूर्व समस्त प्रकरणों की विस्तृत सूची एवं आवश्यक दस्तावेजों को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया था तथा नष्टीकरण की सूचना संबंधित विभागों एवं माननीय न्यायालय को अग्रिम रूप से दी गई थी। नष्टीकरण कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से डीसीआरबी शाखा प्रभारी सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय, प्रधान आरक्षक अनिल提र्कि (अनिल तिर्की) एवं आरक्षक अजय यादव उपस्थित रहे।





