छत्तीसगढ़ में स्कूलों को 30 जून से खोलने के फर्जी आदेश पर लोक शिक्षण संचालनालय का खंडन..

रायपुर, : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों को खोलने की तारीख आगे बढ़ाने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरें पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक हैं। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने इस संबंध में एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। राज्य के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूल अपने पूर्व निर्धारित समय यानी 16 जून 2026 से ही खुलेंगे।

दरअसल सोशल मीडिया पर लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी के फर्जी हस्ताक्षर से एक पत्र प्रसारित किया जा रहा था। इस फर्जी पत्र में दावा किया गया था कि प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों को 16 जून के बजाय 30 जून को खोला जाएगा। जैसे ही यह फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पालकों और शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत इसका खंडन जारी किया है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति क्रमांक / पी.ए. / संचालक / 2026-27 दिनांक 13/06/2026 के अनुसार, संचालक के मूल पत्र क्रमांक / विद्या / 50 / शाला संचालन / 2026-27 / 271-272 दिनांक 12.06.2026 द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विधिवत संचालन 16 जून 2026, मंगलवार से समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में प्रारंभ किया जा रहा है। विभाग ने साफ किया है कि यही आदेश पूर्णतः सत्य है।
इसके साथ ही विभाग ने आम जनता और पालकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। विभाग ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सोशल मीडिया में फैलाई जा रही यह जानकारी कि शैक्षणिक सत्र 01 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा, पूरी तरह से असत्य, भ्रामक एवं फर्जी है। प्रदेश के सभी स्कूल तय समय पर ही खुलेंगे और बच्चों की कक्षाएं 16 जून से सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएंगी।





