अम्बिकापुर

अंबिकापुर में पत्रकार से मारपीट करने वाले हिस्ट्रीशीटर पर पुलिस का शिकंजा, मुख्य आरोपी मजहर खान गिरफ्तार और जिला बदर की तैयारी

अंबिकापुर । कोतवाली पुलिस ने मामूली विवाद पर पत्रकार पंकज शुक्ला के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर उन्हें घायल करने वाले आदतन अपराधी मजहर खान और उसके साथियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नमनाकला निवासी पत्रकार पंकज शुक्ला अपने साथियों मनीष अम्बस्ट और रानू पाण्डेय के साथ गांधी चौक स्थित एक पान दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान अनिकेत त्रिपाठी नामक युवक द्वारा वहां गुटका खाकर थूकने को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर अनिकेत त्रिपाठी ने अपने साथियों मजहर खान, जय सोनी और ओम सोनी के साथ मिलकर शांति भंग करने की नीयत से सार्वजनिक स्थान पर पत्रकार पंकज शुक्ला को गंदी गालियां दीं और अपमानित करते हुए हाथ, मुक्का व कड़ा से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में प्रार्थी पंकज शुक्ला के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।
पत्रकार की रिपोर्ट पर थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 278/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351, 115(2), 191(2) और 352 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस ने प्रार्थी का डॉक्टरी मुलाहिजा कराने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की, जो घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहे थे। कोतवाली पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 5 मई 2026 को आरोपी मजहर खान के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आरोपी अपने एक परिचित के रसुलपुर स्थित मकान में छिपा हुआ पाया गया, जहां से इमलीपारा निवासी आरोपी मजहर खान पिता सिराजुद्दीन अंसारी और उसके साथ संलिप्त दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मजहर खान एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 129 के तहत गुंडा बदमाश फाइल खोल दी गई है और उसके द्वारा अब तक किए गए सभी अपराधों की सूची तैयार की जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी के खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही भी पृथक से की जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक कृष्णा यादव, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, अदीप सिंह, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, अहसान फिरदौसी और बृजेश राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button