अम्बिकापुर

छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में जिले में प्रथम आने पर प्रयास विद्यालय की ज्योति साहू और मल्टीपरपज स्कूल के आशीष केरकेट्टा को कलेक्टर अजीत वसंत ने लैपटॉप भेंट कर किया सम्मानित

​ अंबिकापुर ।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में जिले में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी बच्चों को कलेक्टर अजीत वसंत ने सम्मानित किया है। इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में प्रयास आवासीय विद्यालय अम्बिकापुर की छात्रा ज्योति साहू ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं 12वीं कक्षा में मल्टीपरपज स्कूल के छात्र बाबा आशीष केरकेट्टा ने 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में टॉप कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इन दोनों प्रतिभावान छात्रों ने अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात की।
​कलेक्टर ने इन छात्र-छात्राओं की शानदार शैक्षणिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और भविष्य की पढ़ाई में सहायता के उद्देश्य से दोनों को लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान जब कलेक्टर ने छात्रों से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा, तो बाबा आशीष केरकेट्टा ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर देश सेवा करने की इच्छा जताई। वहीं 10वीं की टॉपर ज्योति साहू ने बताया कि वह उच्च माध्यमिक शिक्षा में गणित विषय लेकर आगे चलकर इंजीनियर बनने का सपना देख रही हैं। कलेक्टर ने दोनों ही बच्चों के लक्ष्यों की सराहना की और उन्हें इसी तरह कड़ी मेहनत जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
​इस सम्मान समारोह के अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। इस दौरान कलेक्ट्रेट में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ललित शुक्ला, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा और रविशंकर पाण्डे भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की सफलता में उनके अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को भी सराहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button