मैनपाट में हाथियों का तांडव: सपना दर गांव में दो दलों ने मचाया उत्पात, ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान

महेश यादव मैनपाट । सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र के मैनपाट सपना दर गांव में बीती रात जंगली हाथियों के दो दलों ने जमकर आतंक मचाया। हाथियों के गांव में घुसते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए रात भर घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागते रहे।
जानकारी के अनुसार सपना दर निवासी शिव शंकर (पिता – लूधा) अपने घर में पत्नी के साथ गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अचानक हाथियों का झुंड गांव में घुस आया। हाथियों की आहट और शोर सुनते ही दंपति की नींद खुली और वे किसी तरह घर से बाहर निकलकर भागे, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
बताया जा रहा है कि हाथियों ने घर के आसपास जमकर उत्पात मचाया और घर में रखा अनाज भी चट कर गए। पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने रात भर जागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जल्द जंगल की ओर खदेड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
लगातार हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।





