लखनपुर

नेशनल हाईवे 130 पर हादसा, इनोवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 (NH 130) पर शुक्रवार शाम लहपटरा के समीप हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। एक तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार (14 नवंबर) की शाम लगभग 5 बजे लखनपुर थाना क्षेत्र के लहपटरा में हुई। नेशनल हाईवे 130 पर जा रही एक इनोवा क्रिस्टा ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सुदामा पुत्र स्वर्गीय कामेश्वर (निवासी ग्राम लोसगा, थाना लखनपुर) गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
भागने की कोशिश और वाहन जब्त
हादसे के तुरंत बाद, इनोवा क्रिस्टा का चालक मौके से भागने की फिराक में था। बताया जा रहा है कि टक्कर से वाहन का टायर फट गया था, बावजूद इसके चालक गाड़ी को इलाव्हील में ही दौड़ाते हुए पलग़ड़ी क्षेत्र में ले जाकर छिपा दिया।
लखनपुर पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली, वे तत्काल मौके पर पहुँचे और दुर्घटनाकारी वाहन इनोवा क्रिस्टा को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुट गई है।
मृतक सुदामा अपने मामा के साथ अंबिकापुर में रहकर खिड़की-दरवाजा बनाने का काम करता था। इस दुखद खबर को सुनकर परिजन तुरंत अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचे। होनहार युवक की असमय मृत्यु से पूरे परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button